Vaidehi Vichar

My WordPress Blog

Vaidehi Vichar

My WordPress Blog

Featuredदरभंगाबिहार

सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

दरभंगा, 16 सितंबर 2026

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिला के प्रभारी मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने की।

बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अभियान को लेकर जिले में की गई तैयारियों की बिंदुवार जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में निर्देश दिया गया कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बीस सूत्री सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित सदस्यों को आमंत्रित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।

दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने विद्यालय स्तर पर भी सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराने तथा प्रतियोगिताओं में शामिल बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही।

बैठक में आईसीडीएस के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित कराने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, जीविका के माध्यम से जीविका दीदियों को भी दीप जलाकर अभियान में भाग लेने, सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।

जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान का मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अभियान के कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, पीएम किसान योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जा सके।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अभियान के सफल आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार, विधान पार्षद हरि सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष, जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *