Vaidehi Vichar

My WordPress Blog

Vaidehi Vichar

My WordPress Blog

Featuredदरभंगाबिहारमिथिला

255.83 करोड़ की रामनगर-रोसड़ा सड़क परियोजना की सांसद ने की समीक्षा, निमैठी-बहेरी लिंक रोड जोड़ने का दिया निर्देश!

दरभंगा, 13 सितंबर 2026

दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को बलभद्रपुर, लहेरियासराय स्थित अपने संसदीय कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, समस्तीपुर के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ रामनगर-दरभंगा से रोसड़ा तक निर्माणाधीन टू-लेन ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

39.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना पर 255.83 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने दरभंगा के रामनगर आईटीआई से रोसड़ा, समस्तीपुर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग-527ई के टू-लेन ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट में निमैठी से बहेरी ब्लॉक लिंक रोड को जोड़ने के लिए अधिकारियों को शीघ्र सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों एवं प्रोजेक्ट मैनेजर ने सांसद को बताया कि परियोजना के 39.5 किलोमीटर हिस्से में से करीब 12.5 किलोमीटर क्षेत्र में सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के कारण निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न हो रहा है। इन अवरोधों को हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल की जा रही है। वहीं, शेष करीब 27 किलोमीटर में निर्माण कार्य का 42 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और कार्य में तेजी लाई जा रही है।

परियोजना की वर्तमान प्रगति पर सांसद डॉ. ठाकुर ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्माण की गति बढ़ाई जाए।

सांसद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस सड़क परियोजना को बहेरी लिंक से जोड़ने की योजना के अनुमोदन और एलाइनमेंट से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि रामनगर-रोसड़ा टू-लेन ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना के पूरा होने से दरभंगा और समस्तीपुर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वहीं, निमैठी-बहेरी लिंक रोड के जुड़ने से उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग बेनीपुर-बिरौल सड़क के साथ-साथ कोसी क्षेत्र और मधुबनी जिले के लिए भी एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित हो सकता है। इससे दरभंगा जिले में यातायात और यात्री सुविधाओं को भी काफी लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *